गुमला: ट्रैफिक नियमों पर कड़ा पहरा, DTO की कार्रवाई में वाहन जब्त और चालान

गुमला: शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. मंगलवार, 17 मार्च...

गुमला: शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. मंगलवार, 17 मार्च को जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में शहर के दुन्दुरिया बस स्टैंड और डीएवी मोड़ पर सघन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई.

स्कूली बच्चों की लापरवाही

जांच के दौरान डीएवी मोड़ के पास कई स्कूली छात्र बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट के तेज रफ्तार में बाइक और स्कूटी चलाते हुए पकड़े गए. नाबालिगों द्वारा इस तरह खुलेआम नियमों का उल्लंघन प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया.

वाहन जब्त और अभिभावकों को चेतावनी

डीटीओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जब्त कर लिया. पकड़े गए छात्रों के अभिभावकों को मौके पर बुलाया गया और उन्हें कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई. साफ कहा गया कि नाबालिगों को वाहन देना कानूनन अपराध है और यह बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है.

35 हजार का चालान

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. इससे साफ संकेत मिल रहा है कि अब नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती और बढ़ेगी.

Also Read: डबल मीनिंग लिरिक्स पर भड़के अरमान मलिक, ‘सरके चुनर’ गाने को लेकर जताई नाराज़गी

बस स्टैंड पर जांच

दुन्दुरिया बस स्टैंड पर भी प्रशासन ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान कई बसों में गंभीर लापरवाही सामने आई, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए.

सुरक्षा और दस्तावेजों की कमी

जांच में पाया गया कि कई बसों में अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट-एड बॉक्स जैसी जरूरी सुविधाएं मौजूद नहीं थीं. इसके अलावा कई वाहनों के पास फिटनेस सर्टिफिकेट . परमिट और प्रदूषण प्रमाण पत्र PUC भी नहीं पाए गए.

चेतावनी देकर छोड़े गए वाहन

कुछ मामलों में पहली गलती मानते हुए वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. हालांकि साफ कर दिया गया कि अगली बार नियमों के उल्लंघन पर सीधे कार्रवाई की जाएगी.

जागरूकता पर जोर

अभियान के दौरान डीटीओ ने बस ड्राइवरों और खलासियों के लिए जागरूकता सत्र भी आयोजित किया. इस दौरान उन्हें सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन की अहमियत समझाई गई.

डीटीओ का संदेश

डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा ड्राइवर की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने नशे में वाहन चलाने को खतरनाक बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की. साथ ही गति सीमा का पालन करने और ओवरलोडिंग से बचने का निर्देश दिया.

अभियान जारी रहेगा

जिला परिवहन विभाग ने साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. ऐसे में अब गुमला की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *