Bihar Sharif, Bihar : बिहार के बिहारशरीफ से बुरी खबर सामने आ रही है. बिहारशरीफ स्थित मघड़ा स्थित शीतला माता के मंदिर में मंगलवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई. अचानक मची इस भगदड़ में नौ महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि छह से लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल, बिहार शरीफ में भर्ती कराया गया है. कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. मरने वालों की पहचान नालंदा निवासी दयावंती देवी, मालो देवी, किरता देवी, रीता देवी, आशा देवी, रेखा देवी के रूप में हुई है. तीन अन्य की पहचान की जा रही है.
ये भी पढ़ें : टिटोस फायरिंग केस : शूटर सचिन ने खोला राज, हत्या के लिए 5 हजार मिला था एडवांस, 1 लाख में हुई थी डील
किसी बात को लेकर अचानक फैली अफवाह
जानकारी के अनुसार, चैत माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर अचानक अफवाह फैली और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई. भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े. भागदौड़ में लोग एक-दूसरे पर चढ़ते चले गए. कुछ देर बाद जब भीड़ नियंत्रित हुई तो कुचल कर मरने वालों के शव निकलने शुरू हुए. नौ शवों को घटनास्थल से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
चीख-पुकार के बीच परिजनों को खोज रहे लोग
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए. नालंदा पुलिस टीम की मामले की जांच में जुट गई है. मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है. आज ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का नालंदा दौरा होने के कारण प्रशासनिक तंत्र वहां की व्यवस्था में था और इधर यह बड़ी घटना सामने आ गई. घटना के बाद एक घंटे तक लोग अपने परिजनों का पता करने में लगे रहे. ज्यादातर लोग परिवार के साथ आए थे, जिसके कारण बच्चों की संख्या भी ज्यादा थी.
ये भी पढ़ें : शराब घोटाला: बाबूलाल मरांडी ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, एसीबी की भूमिका पर उठाए सवाल, सीबीआइ जांच की मांग
हताहत के परिजनों को मिलेंगे 6-6 लाख का मुआवजा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में हुये भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।.मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूं. मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से चार-चार लाख रूपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये (कुल छह लाख रूपये) अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है.
