पाकुड़: जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. खनन क्षेत्र में स्थित क्रशर प्लांट से निकल रही तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार पिता और उसकी मासूम बेटी को कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है.

स्कूल छोड़ने जा रहे थे पिता
मिली जानकारी के अनुसार, शहरपुर निवासी सिदो किस्कू अपनी 8 साल की बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान शहरपुर मौजा स्थित लोकनाथ भगत क्रशर प्लांट से निकल रही एक हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सिदो किस्कू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई.
मौके पर मचा कोहराम
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
घायल बच्ची अस्पताल में भर्ती
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार, परिजनों द्वारा लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. इस घटना ने एक बार फिर खनन क्षेत्रों में बेलगाम वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ALSO READ: गिरिडीह में शराबी युवकों का हंगामा: एक्सीडेंट के बाद पिस्टल लहराई, पुलिस ने पीछा कर दो को दबोचा
