लोहरदगा: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहरदगा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक बारह चक्का ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजा का कुल वजन 433 किलोग्राम बताया गया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 मार्च 2026 की रात पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ट्रक संख्या JH12H 9099 से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी की जा रही है और उक्त ट्रक लोहरदगा जिले की सीमा में प्रवेश कर चुका है. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किस्को वेदांत शंकर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
छापामारी दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कचहरी मोड़ रेलवे ओवरब्रिज के पास बैरिकेडिंग कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी बारीकी से तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में बने गुप्त बॉक्स से 154 पैकेट में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया. जब्त किए गए गांजा का कुल वजन 433 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है.
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर अली (48 वर्ष), निवासी मांझी, जिला सारण (बिहार) तथा इकराम खान (55 वर्ष), निवासी गोंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक के साथ-साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में यह मामला अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था. साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है.
इस संबंध में लोहरदगा थाना कांड संख्या 52/26, दिनांक 12 मार्च 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 22(c) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

