Ranchi : झारखंड राज्यस्तरीय U-20 जूनियर महिला एवं पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता सह चयन ट्रायल का आयोजन किया गया. मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र में सफलतापूर्वक खिलाड़ियों का चयन किया गया. इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 112 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई.

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का होगा आयोजन
आगामी 12 से 14 अप्रैल 2026 तक छत्तीसगढ़ के दुर्ग में आयोजित होने वाली U-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयन ट्रायल का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड राज्य कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष बबलू कुमार ने किया. इस मौके पर हजारीबाग कुश्ती संघ के सचिव नवल कुमार वर्मा, अनिल यादव, सीनियर खिलाड़ी सह कोच राजीव रंजन भीम, धनबाद जिला संयुक्त सचिव सत्यनारायण यादव, प्रशिक्षक राजीव यादव, खेलो इंडिया सेंटर साहिबगंज के कोच प्रकाश सिंह बदल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
10 महिला, 20 पुरूष पहलवानों का चयन
चयन ट्रायल के बाद 20 पुरुष और 10 महिला पहलवानों का चयन किया गया. चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले 7 दिनों का विशेष प्रशिक्षण शिविर दिया जाएगा. इसके बाद ये खिलाड़ी दुर्ग में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे.

