Gumla: गुमला जिले में चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के मौके पर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया. जिले के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही मां दुर्गा की आराधना में लोग लीन रहे. वहीं हनुमान जी की जन्मस्थली अंजनगांव में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकाली. इस दौरान महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. भीषण धूप होने के बावजूद भी महिलाओं ने भक्तिभाव से कलश यात्रा निकाली.
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
इस दौरान परंपरागत वाद्य यंत्रों के साथ लोग मां की आराधना करते हुए नजर आए. लंबी दूरी तय करके कलश यात्रा पहाड़ की ऊंची चोटी पर मौजूद माता अंजनी के मंदिर में पहुंची, जहां पर लोगों ने माता अंजनी और हनुमान जी से अपने क्षेत्र और पूरे विश्व के कल्याण की कामना की. हर वर्ष नवरात्र के अवसर पर यहां पर कलश यात्रा निकाली जाती है. इसमें शामिल होने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं. कलश यात्रा के दौरान महिलाओं ने माता अंजनी और हनुमान जी के जमकर जयकारे लगाए.

