रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने शिष्टाचार भेंट की. इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य आगामी 27 मार्च को आयोजित होने वाले रामनवमी महोत्सव की तैयारियों से अवगत कराना और मुख्यमंत्री को सपरिवार इस पावन अवसर पर आमंत्रित करना था.मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को रामनवमी के शुभ अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का सादर निमंत्रण दिया. मुख्यमंत्री ने सभी आमंत्रणों को सहर्ष स्वीकार करते हुए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को त्योहार की अग्रिम शुभकामनाएं दीं.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के लिए सुख-शांति की कामना की और कुछ महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि रामनवमी का त्योहार आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों और समिति के सदस्यों से आग्रह किया कि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए. त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए प्रशासन को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया ताकि पर्व का समापन शांति और आपसी प्रेम के साथ हो.
