Prashant Sharma
हजारीबाग: हजारीबाग के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुई मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या के मामले में एसआईटी जांच में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं. अब तक की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं. बताया जा रहा है कि बच्ची की हत्या अवैध संबंधों को छिपाने के लिए की गई थी. पुलिस ने मोबाइल के सीडीआर के आधार पर इस मामले की जांच का अहम खुलासा किया है.
मां और उसका ब्वॉयफ्रेंड हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में मृत बच्ची की मां और उसके ब्वॉयफ्रेंड सहित एक स्थानीय नेता को हिरासत में लिया है. पुलिस इन सभी को इस मामले का प्रमुख सूत्रधार मानकर चल रही है. ब्वॉयफ्रेंड और नेता से पूछताछ के बाद पुलिस भी हैरान रह गई.
मंगला जुलूस की रात का खुलासा
सूत्रों के अनुसार, मंगला जुलूस की रात जब पूरा गांव जुलूस में शामिल था और गांव में सन्नाटा था, उसी दौरान मां ने अपने प्रेमी को घर बुलाया था. दोनों कमरे में असहज अवस्था में थे, तभी बच्ची वहां पहुंच गई और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया.
राज खुलने के डर से की गई हत्या
सूत्र बताते हैं कि इस स्थिति से मां घबरा गई. उसे डर था कि बच्ची उनके संबंधों का राज खोल देगी. इसी डर से मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बच्ची की हत्या कर दी.
शव ठिकाने लगाने में भी शामिल रही मां
जांच में यह भी सामने आया है कि बच्ची की हत्या के बाद मां अपने प्रेमी के साथ शव को ठिकाने लगाने भी गई थी. घटना की रात गांव में सन्नाटा होने के कारण दोनों को इसमें आसानी हुई.
राज्यभर में आक्रोश
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे राज्य में आक्रोश का माहौल है. बीजेपी एक दिन का झारखंड बंद कर चुकी है. 2 अप्रैल को राज्यभर में मशाल जुलूस निकालने और 3 अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान भी किया गया है.
हाईकोर्ट का हस्तक्षेप
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाई कोर्ट ने भी संज्ञान लिया है. डीजीपी और गृह सचिव को नोटिस जारी किया गया है. एसपी वर्चुअल माध्यम से हाई कोर्ट में पेश हो चुके हैं.
जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
सूत्रों के अनुसार, हजारीबाग पुलिस आने वाले कुछ घंटों में इस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है. फिलहाल जांच तेजी से जारी है और सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है.
