Delhi : पश्चिम एशिया संकट को लेकर भारत सजग है. हालात पर नजर बनाए हुए है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह समय सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए परीक्षा का है. उन्होंने बताया कि भारत के नेता विभिन्न देशों के अपने समकक्षों के साथ लगातार संपर्क में हैं. सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और शांति व स्थिरता के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कुवैत के क्राउन प्रिंस के बीच बातचीत हुई, जिसमें क्षेत्रीय हालात पर चिंता जताई गई. भारत ने कूटनीति के जरिए हालात को संभालने और अपने हितों की रक्षा करने की दिशा में काम जारी रखा है.

पाकिस्तान का परमाणु प्रसार का पुराना गुप्त रिकॉर्ड दुनिया के लिए खतरा
रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान और होर्मुज क्षेत्र को लेकर भी गंभीर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का परमाणु प्रसार का पुराना गुप्त रिकॉर्ड दुनिया के लिए खतरा है. हाल ही में अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में भी पाकिस्तान को बड़े परमाणु खतरों में शामिल किया गया है. भारत ने कहा कि ऐसे बयान पाकिस्तान की गतिविधियों को लेकर पहले से मौजूद चिंताओं को और मजबूत करते हैं.
अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हमले की निंदा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान के अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों की भी कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि नागरिक ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है और इससे आम लोगों को भारी नुकसान हुआ है. भारत ने काबुल के अस्पताल पर हमले को कायराना बताते हुए इसकी अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की है. भारत ने अफगानिस्तान की संप्रभुता के समर्थन की बात दोहराई और कहा कि ऐसे हमले क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा हैं.
“सरकार सबसे पहले घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता दे रही”
संकट के बीच भारत की ऊर्जा आपूर्ति को लेकर सरकार सतर्क हो गई है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि मौजूदा हालात में ऊर्जा आपूर्ति और शिपिंग रूट प्रभावित हुए हैं, जिससे एलपीजी की उपलब्धता चिंता का विषय बन गई है. उन्होंने कहा कि सरकार सबसे पहले घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है और आम लोगों की आवश्यकताओं को हर हाल में पूरा किया जाएगा. हाल ही में आए दो एलपीजी टैंकरों से आपूर्ति में कुछ राहत मिली है, लेकिन स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है.
भारत ऊर्जा के लिए कई स्रोतों पर निर्भर : रणधीर जायसवाल
जायसवाल ने कहा कि भारत ऊर्जा के लिए कई स्रोतों पर निर्भर है और इसी रणनीति को आगे बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत दुनिया के अलग-अलग देशों से तेल और गैस खरीदता है, जिसमें रूस भी शामिल है. यह एक सामान्य प्रक्रिया है और इसमें कुछ असामान्य नहीं है. उन्होंने एक रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक मुद्दों पर लगातार संपर्क बना हुआ है और दोनों देशों के संबंध मजबूत हैं.
