NEWS DESK: Raghav Chadha ने संसद में एयरपोर्ट पर मिलने वाले महंगे खाने-पीने का मुद्दा उठाया. उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि एयरपोर्ट पर मिलने वाले भोजन को बजट-फ्रेंडली दामों में उपलब्ध कराया जाए, ताकि इस महंगाई के दौर में लोगों की जेब पर ज्यादा असर न पड़े.

केंद्र सरकार की सराहना
साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि ‘Udaan Yatri Café’ की सुविधा फिलहाल कुछ चुनिंदा एयरपोर्ट पर ही उपलब्ध है. हवाई यात्रियों को चाय, कॉफी और हल्के स्नैक्स किफायती दामों पर उपलब्ध कराने की यह एक सकारात्मक पहल है.
‘उड़ान यात्री कैफे’ को देशभर में बढ़ाने की मांग
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यह सुविधा सिर्फ कुछ ही एयरपोर्ट तक सीमित क्यों है. इसे देशभर के सभी एयरपोर्ट तक विस्तार देने की जरूरत है. आप सांसद के अनुसार भारत में इस समय 150 से अधिक एयरपोर्ट हैं, लेकिन ‘उड़ान यात्री कैफे’ केवल लगभग 10 से 12 एयरपोर्ट पर ही उपलब्ध हैं. उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस सुविधा को सभी छोटे और बड़े हवाई अड्डों तक पहुंचाया जाए, ताकि यात्रियों को किफायती दरों पर भोजन और पेय पदार्थ मिल सकें.
क्या सुझाव दिए, जानें
सांसद ने सुझाव दिया कि इन कैफे को सिक्योरिटी जांच के बाद वाले डिपार्चर एरिया में भी स्थापित किया जाना चाहिए. उनका कहना है कि यात्री फ्लाइट का इंतजार करते हुए सबसे ज्यादा समय इसी हिस्से में बिताते हैं. ऐसे में यहां सस्ती दरों पर चाय या नाश्ता मिलना यात्रियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक रहेगा.
उन्होंने यह भी बताया कि कई एयरपोर्ट पर काउंटरों की संख्या सीमित होने के कारण, खासकर व्यस्त समय में लंबी कतारें लग जाती हैं. इसके अलावा मेन्यू विकल्प कम होने और क्षमता की कमी के कारण भी यात्रियों को परेशानी होती है.
चड्ढा ने कहा कि एयरपोर्ट पर किफायती भोजन कोई लग्जरी नहीं है, बल्कि यात्रियों के लिए एक बुनियादी सुविधा होनी चाहिए. सरकार को इस दिशा में जरूरी कदम उठाने चाहिए, ताकि हवाई यात्रा अधिक यात्री-अनुकूल और सुविधाजनक बन सके.
‘Udaan Yatri Café’ का मकसद
गौरतलब है कि ‘Udaan Yatri Café’ पहल फरवरी 2026 में शुरू की गई थी. इस योजना का उद्देश्य एयरपोर्ट पर यात्रियों को कम कीमत पर स्नैक्स और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है. इसके तहत चाय या पानी करीब 10 रुपये में और कॉफी या हल्के स्नैक्स लगभग 20 रुपये में उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
