Koderma : कोडरमा रेलवे स्टेशन पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान एक परिवार लाखों रुपये के जेवरात की चोरी का शिकार हो गया. रायडीह निवासी सुरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि शनिवार रात वह अपने परिवार के साथ बोकारो जाने के लिए कोडरमा स्टेशन से संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ रहे थे. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर तीन अज्ञात महिलाओं और एक लड़की के समूह ने उनकी बहू के साइड पर्स से सोने के गहने पार कर दिए. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने रविवार को बताया कि ट्रेन के स्लीपर कोच में अपनी सीट पर पहुंचने के बाद उनकी बहू ने पर्स खुला देखा. जांच करने पर उसमें रखे 4 पायल, ढोलना, मंगलसूत्र समेत अन्य सोने के जेवर गायब थे. चोरी हुए गहनों की अनुमानित कीमत 4 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है. उन्होंने बताया कि कोडरमा से ट्रेन खुलने के बाद चोरी की जानकारी मिलने पर वह हजारीबाग रोड स्टेशन पर ही उतर गए. इसके बाद बहू और अन्य परिजनों को बोकारो के लिए रवाना कर खुद रात में ही वापस कोडरमा स्टेशन पहुंचे और GRP में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
CTV में कैद हुईं संदिग्ध महिलाएं
रविवार की सुबह GRP ने स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों की जांच की. फुटेज में तीन महिलाएं और एक लड़की भीड़ के बीच सुरेंद्र कुमार वर्मा के परिवार के पीछे ट्रेन के कोच की ओर जाती दिखाई दीं. हालांकि जांच में यह भी सामने आया कि वे ट्रेन में सवार नहीं हुईं, बल्कि गेट तक जाकर भीड़ से निकलकर वापस स्टेशन पर लौट गईं. पुलिस इन्हीं महिलाओं को संदिग्ध मानते हुए उनकी पहचान करने में जुटी है. GRP ने बताया कि मामले की जांच जारी है. CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
Also Read : चाईबासा: ‘रक्तदान करें, जीवनदान दें’… छह प्रखंडों में जिला प्रशासन की बड़ी पहल
