Ranchi: राज्य में शहरों के ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए 11 करोड़ 66 लाख 66 हजार 667 रुपये की राशि मंजूर की गई है. यह राशि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत जारी की गई है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने इसके लिए स्वीकृति आदेश जारी कर दिया है. स्वीकृत राशि में 7 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की हिस्सेदारी है, जबकि 4 करोड़ 66 लाख 66 हजार 667 रुपये राज्य सरकार देगी. यह पैसा शहरी क्षेत्रों में ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े कामों पर खर्च किया जाएगा.

कचरा प्रबंधन की व्यवस्था होगी मजबूत
विभाग के अनुसार, राशि का इस्तेमाल शहरों में कचरे के बेहतर प्रबंधन और उससे जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए किया जाएगा. योजना का उद्देश्य शहरी इलाकों में कचरे के निपटारे की व्यवस्था को बेहतर बनाना है. यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत की गई है. केंद्र और राज्य की राशि 60:40 के अनुपात में खर्च की जाएगी.
एसएनए स्पर्श प्रणाली से होगी राशि जारी
सरकार ने बताया है कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं की राशि जारी करने के लिए एसएनए स्पर्श प्रणाली लागू है. इसी व्यवस्था के तहत स्वीकृत राशि संबंधित खाते से जारी की जाएगी. नगर विकास एवं आवास विभाग ने राशि के इस्तेमाल में तय नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है. खर्च का हिसाब और उपयोगिता प्रमाण पत्र भी संबंधित अधिकारियों को देना होगा. योजना के काम की जांच और निगरानी का अधिकार संबंधित विभाग और लेखा अधिकारियों के पास रहेगा. विभाग के आदेश में यह भी कहा गया है कि योजना की राशि का इस्तेमाल केवल निर्धारित ठोस कचरा प्रबंधन कार्यों में ही किया जाएगा.

