Gumla: सावन की अंतिम सोमवारी पर जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. गुमला के डुमरी प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा टांगीनाथ धाम में हजारों शिव भक्त भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे. बाबा टांगीनाथ धाम में गुमला के अलावा झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ छत्तीसगढ़ और ओडिशा से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं. मान्यता है कि यहां भगवान परशुराम का प्राचीन त्रिशूल मौजूद है. श्रद्धालु इस त्रिशूल और परिसर में स्थित प्राचीन शिवलिंगों की पूजा कर अपनी मनोकामना पूरी होने की कामना करते हैं.

प्राचीन परंपरा के अनुसार होती है पूजा
धाम की खासियत यह है कि यहां पूजा की जिम्मेदारी स्थानीय बैगा पुरोहित निभाते हैं. मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में शिवलिंग मौजूद हैं, जहां श्रद्धालु चावल और सिंदूर अर्पित कर पूजा करते हैं. सावन में मनोकामना पूरी होने के बाद कई श्रद्धालु दोबारा धाम पहुंचकर भगवान के प्रति आभार व्यक्त करते हैं.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात की व्यवस्था की गई. डीसी दिलेश्वर महतो ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया. भीड़ अधिक होने के कारण कई श्रद्धालुओं को वाहनों की पार्किंग से मंदिर तक लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ी. भाजपा के पूर्व सांसद सुदर्शन भगत और पूर्व विधायक कमलेश उरांव ने भी बाबा टांगीनाथ धाम को क्षेत्र की आस्था, धार्मिक परंपरा और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताया. श्रद्धालुओं के लिए सावन की अंतिम सोमवारी पर धाम में विशेष आस्था और उत्साह का माहौल रहा.

