हजारीबाग: टैक्सी स्टैंड में खड़ी बसों को चोर बना रहे निशाना, बैटरी टर्मिनल के तार की कर रहे चोरी, 15 दिनों में 25 बसों से तार चोरी

Hazaribagh: हजारीबाग शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब चोरों ने शहर के टैक्सी स्टैंड में...

hazaribagh bus stop

Hazaribagh: हजारीबाग शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब चोरों ने शहर के टैक्सी स्टैंड में खड़ी बसों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है. पिछले करीब 15 दिनों में चोर 25 बसों से बैटरी टर्मिनल के तार चोरी कर चुके हैं. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बस मालिकों में चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है.

खड़ी बसों से खोल ले जा रहे महंगे टर्मिनल तार

बस मालिकों के अनुसार, टैक्सी स्टैंड में दिन के समय अधिकांश बसें खड़ी रहती हैं. कई बसें रात में भी स्टैंड परिसर में रहती हैं. इसी का फायदा उठाकर चोर रात के अंधेरे में बसों में घुसकर बैटरी टर्मिनल के तार खोलकर ले जा रहे हैं. चोरी किए गए तार को कबाड़ में बेचने पर चोरों को अच्छी कीमत मिल जाती है. बताया जाता है कि तार की कीमत करीब 1200 रुपये प्रति किलो तक मिलती है. बस मालिकों का कहना है कि टर्मिनल के नए तार लगवाने में उन्हें हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं. एक बस से तार चोरी होने के बाद वाहन को दोबारा परिचालन के लिए तैयार कराने में अतिरिक्त समय और पैसा दोनों खर्च होता है.

नशेड़ियों पर जताया जा रहा संदेह

बस मालिकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की छोटी-छोटी चोरियों के पीछे नशेड़ियों का हाथ हो सकता है. उनका मानना है कि नशे की लत पूरी करने और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए कुछ असामाजिक तत्व लगातार बसों को निशाना बना रहे हैं. हालांकि, इस मामले में पुलिस की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

थाने में आवेदन, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

बस मालिकों के अनुसार, चोरी की घटनाओं को लेकर पूर्व में थाने में लिखित आवेदन भी दिया गया था. इसके बावजूद अब तक न तो चोरों की गिरफ्तारी हुई और न ही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सकी है. कार्रवाई नहीं होने से चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और बस मालिकों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.

पहले भी बसों को बनाया जा चुका है निशाना

बस मालिकों ने बताया कि टैक्सी स्टैंड परिसर में पहले भी कई बसों को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किया जा चुका है. लगातार हो रही चोरी और पूर्व की घटनाओं के कारण बस मालिकों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है. उन्हें आशंका है कि यदि समय रहते निगरानी और पुलिस गश्त नहीं बढ़ाई गई तो असामाजिक तत्व भविष्य में किसी बड़ी घटना को भी अंजाम दे सकते हैं.

पुलिस से भरोसा उठने लगा, एसपी से लगाएंगे गुहार

नाम नहीं छापने की शर्त पर कुछ बस मालिकों ने कहा कि लगातार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से अब उनका पुलिस से भरोसा उठता जा रहा है. बसों की सुरक्षा उनके लिए बड़ा सवाल बन गई है. उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय पुलिस की ओर से जल्द कोई ठोस पहल नहीं की गई तो वे पूरे मामले की शिकायत एसपी से करेंगे और टैक्सी स्टैंड में बसों की सुरक्षा तथा नियमित पुलिस गश्त की मांग रखेंगे. बस मालिकों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय टैक्सी स्टैंड में नियमित गश्त कराने, संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपियों को पकड़ने की मांग की है.

AlsoRead:JPSC-JSSC परीक्षा में अनियमितता में सुप्रीम कोर्ट की एंट्री, पढ़िए CJI ने क्या कहा, वकीलों ने क्या तर्क दिए

 

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *