रांची: रांची में LPG गैस को लेकर लोगों की चिंता के बीच जिला प्रशासन ने साफ किया है, कि गैस की कमी नहीं है. गुरुवार देर शाम उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गैस कंपनियों के साथ एक अहम बैठक हुई, जिसमें गैस की उपलब्धता और सप्लाई की पूरी समीक्षा की गई.

घबराकर बुकिंग न करें – गैस कंपनियों की अपील
बैठक में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने लोगों से पैनिक बुकिंग नहीं करने की अपील की. इंडेन गैस के अधिकारियों ने बताया कि अचानक बहुत ज्यादा बुकिंग आने के कारण सर्वर पर दबाव बढ़ गया है, इसलिए सर्वर को अपग्रेड किया जा रहा है. अपग्रेडेशन पूरा होते ही बुकिंग की प्रक्रिया सामान्य हो जाएगी.
रोज हजारों सिलेंडर की हो रही डिलीवरी
- बैठक में बताया गया कि रांची में रोजाना बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर की सप्लाई हो रही है.
- इंडेन (IOCL) की ओर से प्रतिदिन करीब 10,500 सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है.
- वहीं HPCL और BPCL मिलकर रोज करीब 2000 सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचा रहे हैं.
- अधिकारियों के मुताबिक ज्यादा बुकिंग की वजह से थोड़ी परेशानी हुई है, लेकिन स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी.
जरूरत पड़ने पर 5 लीटर का सिलेंडर भी मिलेगा
अगर किसी को तुरंत गैस की जरूरत है, तो HPCL और BPCL के 5 लीटर वाले छोटे सिलेंडर बाजार में उपलब्ध हैं. उपभोक्ता आधार कार्ड दिखाकर इन्हें ले सकते हैं.
PNG गैस कनेक्शन का भी ऑप्शन
बैठक में यह भी बताया गया कि रांची में 24 हजार से ज्यादा घरों में PNG पाइपलाइन गैस का कनेक्शन है. जिन अपार्टमेंट में पाइपलाइन की सुविधा है, वहां रहने वाले लोग टोल फ्री नंबर 18001231211 पर कॉल कर नया कनेक्शन ले सकते हैं.
कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को लेकर सख्त चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अगर कहीं ऐसी गतिविधि दिखे, तो लोग तुरंत अबुआ साथी नंबर 9430328080 पर सूचना दें. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: रांची में महिला ने लगाया बिहार के चर्चित नेता पर गंभीर आरोप, केस दर्ज

