Koderma: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोडरमा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित कार्य प्रगति पर है. विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में सतगावां प्रखंड कार्यालय सभागार में उप निर्वाचन पदाधिकारी, एईआरओ , बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बैठक के दौरान जिले में SIR-2026 के तहत संचालित कार्यों की प्रगति एवं आगामी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई.

द्वितीय विशेष शिविर 22 एवं 23 अगस्त 2026 को
SIR के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया जा चुका है तथा दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 05 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित है. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बीएलओ सुपरवाइजर व बीएलओ को बताया कि दावों एवं आपत्तियों के संग्रहण के लिए मतदान केंद्र स्तर पर द्वितीय विशेष शिविर 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा. सभी संबंधित बीएलओ को निर्धारित शिविर में उपस्थित रहकर नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने का निर्देश दिया गया.
सत्यापन कार्य पूरी गंभीरता एवं सावधानी के साथ समय-सीमा में पूरा करें
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि SIR की प्रक्रिया में कोई भी योग्य मतदाता, मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो, इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप संपन्न कराने का निर्देश दिया. साथ ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने 25 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक ‘होम टू रोल’ सत्यापन अभियान चलाने का निर्देश दिये और इस अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा परिवारवार मतदाता विवरण का सत्यापन करेंगे. निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी संबंधित घरों पर स्टिकर लगायेंगे . उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि सत्यापन कार्य पूरी गंभीरता एवं सावधानी के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें.
दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जाए : DC
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही, पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं प्रक्रिया से अवगत कराने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए.
आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया पर भी चर्चा
बैठक में SIR के तहत घर-घर भ्रमण, Enumeration Form से संबंधित कार्य, ASDD सूची के सत्यापन तथा मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई. प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया वर्तमान में निर्धारित अवधि के अनुसार संचालित है. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मनोज कुमार रवि, सभी बीएलओ सुपरवाइजर व बीएलओ मौजूद रहे.
ALSO READ : गुमला: चार महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन, SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम और एकलव्य विद्यालयों की हुई समीक्षा

