Khunti: राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (NH-20) पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा टल गया. मुरहू थाना क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे एक ऑटो को बचाने के प्रयास में चाईबासा से रांची जा रही एक अनियंत्रित यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में बस के खलासी को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए तुरंत खूंटी सदर अस्पताल भर्ती कराया गया है. वहीं, बस में सवार अन्य यात्री बाल-बाल बच गए, हालांकि कुछ लोगों को हल्की मामूली चोटें आई हैं.

कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा शुक्रवार सुबह लगभग 5:30 बजे हुआ, जब चाईबासा से रांची की ओर जा रही यात्री बस मुरहू पेट्रोल पंप के समीप पहुंची थी. अचानक सामने से आए ऑटो को बचाने के चक्कर में चालक ने बस को किनारे मोड़ दिया, जिससे सड़क किनारे खड़े भारी ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर की आवाज़ सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी. घायल खलासी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

