Hazaribagh: हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन से लापता हुई बिहार के नवादा जिले की बच्ची छोटी कुमारी के मामले में राहत की खबर सामने आई है. बच्ची को बरही थाना क्षेत्र में घूमते हुए देखा गया. इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने बरही थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने के बाद बरही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बच्ची को बरामद कर लिया. बच्ची के सुरक्षित मिलने की खबर सामने आते ही परिजनों में खुशी का माहौल है. बच्ची के पिता मनोज यादव सहित परिवार के सदस्य बरही थाना पहुंचने के लिए रवाना हो गए हैं.

इलाज के बाद नवादा लौट रहा था परिवार
परिजनों के अनुसार छोटी कुमारी का रांची में इलाज चल रहा था. इलाज के बाद परिवार ट्रेन से वापस नवादा, बिहार लौट रहा था. इसी दौरान बच्ची की मां ट्रेन के शौचालय में चली गई. मां को आसपास नहीं देखकर बच्ची ट्रेन से उतर गई और इसके बाद वह परिवार से बिछड़ गई. परिजनों ने बताया कि छोटी कुमारी की मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं रहती है, जिसके कारण परिवार उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित था. बच्ची के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है. परिजनों ने बच्ची की तलाश में सहयोग करने वाले लोगों और पुलिस के प्रति आभार जताया है.

