Chakradharpur: कराईकेला पंचायत परिसर में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 2026 को लेकर जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया. इस दौरान किसानों को फसल बीमा योजना के उद्देश्य, लाभ और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई.

अधिकारियों ने किसानों को दी योजना की जानकारी
कार्यक्रम में बीसीओ प्रशांत एक्का और आत्मा प्रखंड तकनीकी प्रबंधक अश्विनी होरो ने किसानों के साथ संवाद किया. उन्होंने योजना के तहत मिलने वाले लाभ, पंजीकरण के लिए जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया. अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा, सूखा, बाढ़, कीट प्रकोप समेत विभिन्न कारणों से फसल को नुकसान होने की स्थिति में पात्र किसानों को योजना के प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता मिल सकती है.
समय पर पंजीकरण कराने की अपील
अधिकारियों ने किसानों से समय रहते फसल बीमा योजना के तहत पंजीकरण कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि योजना से जुड़ी पूरी जानकारी रखने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने से फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल सकती है. कार्यक्रम के दौरान किसानों ने फसल बीमा से जुड़े कई सवाल भी पूछे. अधिकारियों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी दी.
अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने पर जोर
जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा योजना से जोड़ना और प्राकृतिक आपदाओं के कारण होने वाले फसल नुकसान से उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना रहा. इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य कराईकेला तीरथ जामुदा, बीरू त्रिपाठी, पूर्व मुखिया दुंबी सुरीन, राजेश मंडल, सूरज कालिंदी, सदानंद होता समेत बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे.
ALSO READ: रांची निगम द्वारा नियम तोड़ने पर 1.14 लाख जुर्माना और 2 जर्जर भवन हटाए गए

