हजारीबाग: केरेडारी में न्यायिक जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को दी गई कानूनी जानकारी

Hazaribagh: केरेडारी प्रखंड सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग के तत्वावधान में न्यायिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में...

Hazaribagh: केरेडारी प्रखंड सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग के तत्वावधान में न्यायिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीणों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई. इस दौरान सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र और परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया.

दुर्घटना पीड़ितों और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार बताए 

विधिक सेवा प्राधिकार के मध्यस्थ मो. मोअज्जम ने निःशुल्क कानूनी सहायता और कानूनी अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने सड़क दुर्घटना के मामलों में निर्धारित समय-सीमा और मुआवजा संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी. हिट एंड रन मामलों में मृत्यु पर दो लाख रुपये तथा शारीरिक क्षति पर 50 हजार रुपये मुआवजा मिलने की जानकारी दी गई. उन्होंने बताया कि मोटर दुर्घटना से संबंधित मामलों के लिए हजारीबाग, रांची और धनबाद में न्यायालय की व्यवस्था है. वरिष्ठ नागरिक अधिनियम, 2007 की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी माता-पिता से उनके पुत्र, पुत्री या बहू आदि धोखे से घर-जमीन लिखवा लेते हैं और बाद में उन्हें घर से निकाल देते हैं, तो वे अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष आवेदन देकर अपना अधिकार वापस प्राप्त कर सकते हैं.

सरकारी योजनाओं के लाभुकों को मिला लाभ

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के पांच, अबुआ आवास योजना के छह, सर्वजन पेंशन योजना के पांच तथा केसीसी के सात लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया. मनरेगा के तहत चार लाभुकों को जॉब कार्ड तथा मिट्टी जांच योजना के तहत 10 लाभुकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड दिया गया. श्रम विभाग की ओर से तीन लाभुकों को लेबर कार्ड प्रदान किया गया. बाल विकास परियोजना के तहत तीन दिव्यांग लाभुकों के बीच ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया.

सखी मंडलों को मिला वित्तीय सहयोग

जेएसएलपीएस की ओर से 45 सखी मंडलों के बीच एक करोड़ 10 लाख रुपये का कैश क्रेडिट लिंकेज तथा 35 सखी मंडलों के बीच 10 लाख 50 हजार रुपये के रिवॉल्विंग फंड का वितरण किया गया.

अधिकारियों और कर्मियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के मध्यस्थ मो. मोअज्जम, सीजेएम पेशकार प्रवीर कुमार सिन्हा तथा सुबोध कुमार राणा शामिल हुए. मौके पर अंचलाधिकारी विपिन चंद्र विश्वास, बीडीओ विवेक कुमार, पशुपालन पदाधिकारी पंकज कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनुज कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुमन कुमार, जेएसएलपीएस बीपीएम विपिन कुमार समेत प्रखंड एवं अंचल के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे. कार्यक्रम का संचालन जनसेवक रवि राजा ने किया. शिविर में ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई.
ALSO READ: जामताड़ा : 2020 से फरार NBW वारंटी राजा सिंह गिरफ्तार, मिहिजाम पुलिस ने भेजा जेल 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *