Vaishali: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के प्रति अनोखी आस्था और सम्मान का मामला सामने आया है. वैशाली में राजद नेता एवं समाजसेवी केदार प्रसाद यादव ने लालू यादव की तस्वीर का 251 किलो दूध से अभिषेक कराया. धार्मिक अनुष्ठान के बीच हुए इस आयोजन में समर्थकों ने पूजा-अर्चना के साथ लालू यादव के समर्थन में नारे भी लगाए.

फूल-मालाओं से सजाई गई तस्वीर, मंत्रोच्चार के बीच हुआ अभिषेक
आचार्य अभय पंडित की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले लालू प्रसाद यादव की तस्वीर को फूल-मालाओं से सजाया गया. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा की गई और 251 किलो दूध से तस्वीर का अभिषेक किया गया. आयोजन में केदार प्रसाद यादव के अलावा बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे.
‘गरीबों और वंचितों की आवाज बने लालू यादव’
कार्यक्रम के दौरान केदार प्रसाद यादव ने लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक जीवन और सामाजिक न्याय की राजनीति की तारीफ की. उन्होंने कहा कि लालू यादव ने गरीबों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई और दबे-कुचले लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया.
‘लालू यादव भगवान कृष्ण के अवतार हैं’
केदार प्रसाद यादव ने लालू यादव को कलयुग का अवतार बताते हुए उनकी तुलना भगवान कृष्ण से की. उन्होंने कहा कि द्वापर युग में भगवान कृष्ण ने अत्याचार के खिलाफ लोगों की रक्षा की थी, उसी तरह लालू प्रसाद यादव ने बिहार में गरीब और वंचित तबकों के हक की लड़ाई लड़ी.
पूजा के बाद गूंजे राजद के समर्थन में नारे
दूधाभिषेक और पूजा-अर्चना के बाद समर्थकों ने लालू प्रसाद यादव के समर्थन में नारे लगाए. आयोजकों के मुताबिक, यह आयोजन लालू यादव के प्रति व्यक्तिगत श्रद्धा और उनके राजनीतिक-सामाजिक योगदान के सम्मान में किया गया था. कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों ने राजद की विचारधारा और सामाजिक न्याय के मुद्दों को आगे बढ़ाने की बात कही.
ALSO READ: लोहरदगा: बड़ा तालाब में तैराकी प्रतियोगिता, खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

