Hazaribagh: हजारीबाग प्रमंडलीय मुख्यालय में पहली बार तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. हजारीबाग ओलंपिक संघ के तत्वावधान में आयोजित यह खेल महोत्सव 29, 30 और 31 अगस्त को बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) में होगा. उपायुक्त हेमंत सती की पहल एवं मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो, तीरंदाजी और बैडमिंटन समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं होंगी. आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और हजारीबाग को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है. आयोजन के अंतिम दिन पुरस्कार वितरण के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा.

25 अगस्त को निकलेगी मशाल रैली
खेल महोत्सव के प्रचार-प्रसार और युवाओं में उत्साह बढ़ाने के लिए मंगलवार, 25 अगस्त को शाम चार बजे मशाल रैली निकाली जाएगी. रैली को उपायुक्त हेमंत सती हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. हजारीबाग ओलंपिक संघ की मशाल लेकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रैली की अगुवाई करेंगे. मशाल रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा. आयोजन समिति ने सभी स्कूल-कॉलेज, खेल संगठनों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है.
बैनर के साथ शामिल होने की अपील
हजारीबाग ओलंपिक संघ ने सभी सहभागी संगठनों से अपने-अपने बैनर के साथ रैली में शामिल होने का आग्रह किया है, ताकि प्रत्येक संगठन की सहभागिता स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो सके. आयोजन समिति का कहना है कि खेल महोत्सव में पूर्व एवं वर्तमान खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की भागीदारी से हजारीबाग में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी. आयोजन समिति की ओर से नीलेंदु जयपुरियार ने सभी संस्थाओं और नागरिकों से मशाल रैली एवं तीन दिवसीय खेल महोत्सव को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता की अपील की है.
Also Read: लॉर्ड्स में टीम इंडिया का ऐतिहासिक जलवा, जीत के बाद खिलाड़ियों ने मनाया गांगुली स्टाइल जश्न

