News Desk: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक थकान, तनाव और काम का दबाव आम बात बन चुके हैं. ऐसे में जब भी आपको लगे कि दिमाग थक चुका है, तो थोड़ी देर के लिए ब्रेक लें और खुली हवा में टहलने निकल जाएं.

आप देखेंगे कि जैसे ही आप हरियाली और प्रकृति के करीब जाते हैं, मन हल्का महसूस होने लगता है और मूड अपने-आप बेहतर हो जाता है. दिमाग की थकान भी धीरे-धीरे कम होने लगती है.यह सिर्फ एक एहसास नहीं है, बल्कि वैज्ञानिक रूप से भी साबित हो चुका है कि प्रकृति के बीच समय बिताने से मानसिक तनाव घटता है और दिमाग को राहत मिलती है.
नेचर के असर पर ब्रेन स्टडी में चौंकाने वाला खुलासा
चिली की अडोल्फो इबानेज यूनिवर्सिटी और मैकगिल यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने मिलकर एक दिलचस्प शोध किया, जिसमें प्रकृति और दिमाग के रिश्ते को समझने की कोशिश की गई. मशहूर जर्नल Neuroscience & Biobehavioral Reviews में प्रकाशित इस स्टडी के मुताबिक, प्राकृतिक वातावरण में थोड़ी देर बिताने से ही ब्रेन की एक्टिविटी में पॉजिटिव बदलाव देखने को मिलते हैं.
रिसर्च बताती है कि हरियाली और शांत माहौल दिमाग को ज्यादा रिलैक्स करता है, जिससे सोचने-समझने की क्षमता बेहतर होती है और मानसिक तनाव भी कम होने लगता है.
वैज्ञानिकों ने 100 से ज्यादा ब्रेन-इमेजिंग वाली स्टडीज़ को ध्यान से समझा और जांचा. McGill University की रिसर्चर Mar Estareras कहती हैं कि लोग हमेशा से महसूस करते थे कि प्रकृति में जाने से सुकून मिलता है, और अब विज्ञान ने भी इसे सही साबित कर दिया है. इस तरह की रिसर्च आगे चलकर शहरों की प्लानिंग और हेल्थ से जुड़ी नीतियों को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है, ताकि लोगों को ज्यादा हरियाली और बेहतर माहौल मिल सके.
नेचर में जाते ही दिमाग क्यों हो जाता है शांत?
प्रकृति के बीच समय बिताने से दिमाग शांत होता है, तनाव और चिंता कम होती है. इससे फोकस बेहतर होता है और “फील-गुड” हार्मोन बढ़ने से मूड भी अच्छा हो जाता है.
वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसे सरल तरीके से यूं समझा जा सकता है:
- दिमाग पर कम दबाव: प्रकृति के सरल और संतुलित दृश्य दिमाग को आसानी से समझ आते हैं, जिससे मानसिक थकान कम होती है.
- घबराहट में राहत: शांत माहौल में दिमाग रिलैक्स होता है, दिल की धड़कन और सांसें सामान्य होने लगती हैं, जिससे बेचैनी कम होती है.
- फोकस बेहतर होता है: नेचर के बीच रहने से ध्यान भटकता नहीं, बल्कि धीरे-धीरे एकाग्रता बढ़ने लगती है और नई ऊर्जा मिलती है.
- अनचाहे विचार कम होते हैं: बेवजह की चिंता और ओवरथिंकिंग कम हो जाती है, जिससे मन ज्यादा शांत और हल्का महसूस करता है.
कुदरत के करीब, सुकून बेहिसाब
प्रकृति का आनंद लेने के लिए कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं है. आप अपने आसपास के पार्क, पानी के किनारे या घर के पौधों के बीच भी समय बिता सकते हैं. रिसर्च के अनुसार, सिर्फ 3 मिनट प्रकृति के संपर्क में रहने से भी दिमाग और मन पर सकारात्मक असर दिखने लगता है. हालांकि, जितना ज्यादा समय आप प्राकृतिक माहौल में बिताएंगे, उतना ही गहरा और लंबे समय तक रहने वाला फायदा मिलेगा.
नेचर: सबसे असरदार मेंटल रीसेट
आज की स्क्रीन-भरी जिंदगी में असली सुकून कुदरत ही देती है. ये सिर्फ मोबाइल से दूर रहने से बढ़कर एक गहरा ‘मेंटल रीफ्रेश’ है. यही कारण है कि अब शहरों को हरा-भरा बनाने पर जोर दिया जा रहा है और डॉक्टर भी लोगों को प्रकृति के बीच समय बिताने की सलाह दे रहे हैं. सबसे खास बात ये है कि जो लोग प्रकृति से जुड़ते हैं, वे उसकी ज्यादा कद्र और सुरक्षा भी करते हैं—क्योंकि खुद का ख्याल और कुदरत का ख्याल, दोनों साथ-साथ चलते हैं.

