चक्रधरपुर में मेधावी छात्रों का सम्मान, 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिला गौरव

Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में...

Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपायुक्त मनीष कुमार ने की. इस मौके पर पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो एवं जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार मौजूद रहे.

17 मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित

झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा जारी इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिले के विभिन्न +2 उच्च विद्यालयों के विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले कुल 17 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. समारोह में वाणिज्य संकाय में राज्य स्तर पर 94.2 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा प्रियांशी खत्री विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं.

ALSO READ: कुरुलिया गांव में 24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन संपन्न, भक्ति में डूबा पूरा क्षेत्र

सफलता का जश्न और प्रेरणादायक संदेश

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की मौजूदगी में केक काटकर सफलता का जश्न मनाया गया. उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता की एकमात्र कुंजी मेहनत है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धि के पीछे उनके माता-पिता, परिवार और शिक्षकों की मेहनत भी शामिल होती है. उन्होंने छात्रों को जीवन में कभी शॉर्टकट नहीं अपनाने, नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने और लगातार अभ्यास करते रहने की सलाह दी.

इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. सम्मान समारोह में सभी सफल छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं डायरी प्रदान की गई, जबकि अभिभावकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. गौरतलब है कि इस वर्ष 12वीं परीक्षा परिणाम में पश्चिमी सिंहभूम जिला पूरे राज्य में कला संकाय में छठे तथा विज्ञान संकाय में नौवें स्थान पर रहा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *