अनगड़ा डीमरा स्कूल में ‘कल्चर कनेक्ट’, बच्चों ने दिखाया सांस्कृतिक उत्साह

अनगड़ा (रांची): रांची जिला के #कल्चरकनेक्ट कार्यक्रम के तहत अनगड़ा प्रखंड स्थित राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डीमरा में बुधवार को वार्षिक उत्सव...

अनगड़ा (रांची):  रांची जिला के #कल्चरकनेक्ट कार्यक्रम के तहत अनगड़ा प्रखंड स्थित राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डीमरा में बुधवार को वार्षिक उत्सव का भव्य और जीवंत आयोजन किया गया. कार्यक्रम ने शिक्षा और संस्कृति के संगम की एक खूबसूरत मिसाल पेश की, जहां पूरा विद्यालय परिसर उत्साह, रचनात्मकता और परंपरा के रंगों से सराबोर दिखा.

कार्यक्रम का शुभारंभ कुच्चू पंचायत के मुखिया सहदेव बेदिया ने किया. इस मौके पर बच्चों ने लोकगीत, पारंपरिक नृत्य, नाटक और प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के जरिए न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि स्थानीय संस्कृति की झलक भी पेश की. दर्शक दीर्घा में मौजूद अभिभावक और ग्रामीण बच्चों की प्रस्तुति से भाव-विभोर नजर आए.

मुखिया सहदेव बेदिया ने इस अवसर पर कई नए बच्चों का नामांकन भी कराया और कहा कि “#कल्चरकनेक्ट जैसे आयोजन सरकारी स्कूलों के प्रति समाज का भरोसा मजबूत करते हैं. इससे अभिभावकों में जागरूकता बढ़ती है और बच्चे भी पढ़ाई के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ते हैं.”

विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजू हाजरा ने कार्यक्रम को बच्चों के समग्र विकास का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा, “ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति की कला को निखारते हैं. हमारा प्रयास है कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को अपनी जड़ों और परंपराओं से भी जोड़ा जाए.” उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाएं.

कार्यक्रम के दौरान नव-नामांकित विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो उठा.

इस मौके पर शिक्षक गंधर्व कुमार महतो, अमित दत्ता, सविता बड़ाईक, पूनम कुजूर, संतोष बेदिया, सावना बेदिया, तेजुवा बेदिया, जगमोहन बेदिया, सुरेश बेदिया, मालिया बेदिया सहित कई शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *