रांची: झारखंड की राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ. पुलिस मेंस एसोसिएशन के समीप स्थित स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा से एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रतिमा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर चकनाचूर हो गई, वहीं कार के परखच्चे उड़ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात एक कार अत्यधिक तेज गति में पुलिस मेंस एसोसिएशन की ओर से गुजर रही थी. मोड़ के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे डिवाइडर पर लगी चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति से जा भिड़ी. टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.इस दुर्घटना में कार सवार चालक को गंभीर चोटें आई हैं. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया.

