गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कोदेया मोड़ के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर अवस्था में इलाजरत है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
जानकारी के अनुसार, रोहित कुमार अपनी बाइक से गिरिडीह की ओर आ रहा था, जबकि सागर कुमार द्वारपाहरी की दिशा में जा रहा था. इसी दौरान कोदेया मोड़ के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तेज आवाज दूर तक सुनाई दी और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस को सूचित किया, जिसके बाद दोनों घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया. दुर्घटना में दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए.
सड़क हादसे में राहत कार्य और इलाज का संघर्ष
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सागर कुमार की हालत नाजुक देख उसे बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां भी हालत गंभीर होने पर उसे धनबाद रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. वहीं, रोहित कुमार का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में जारी है.
घटना की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंचे. सागर की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रो-रोकर बुरा हाल हैं.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
