पाकुड़ : निजी स्कूलों की मनमानी और साल-दर-साल बढ़ती फीस के खिलाफ सोमवार को रामभक्त सेवा दल के जिला अध्यक्ष रतन भगत के नेतृत्व में शहर के पुराना सदर अस्पताल के सामने हस्ताक्षर अभियान चलाया गया.
हस्ताक्षर अभियान में उमड़ी भीड़
‘जन आंदोलन’ के बैनर तले निजी स्कूलों की ‘लूट’ के खिलाफ बिगुल फूंका गया. मौके पर सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने इस अभियान में भाग लेकर अपना हस्ताक्षर किया.
फीस और नियमों को लेकर अभिभावकों में नाराजगी
रतन भगत ने बताया कि हर वर्ष री-एडमिशन, किताबों के प्रकाशक बदलना, ड्रेस के लिए बाध्य करना और अलग-अलग माध्यम से पैसे वसूलना गलत है. इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने न केवल अपनी नाराजगी दर्ज कराई, बल्कि सरकार से इस पर लगाम लगाने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग भी की.
कमीशनखोरी के आरोप भी लगाए
अभियान में शामिल अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन न केवल ट्यूशन फीस में अवैध बढ़ोतरी कर रहे हैं, बल्कि किताबों और यूनिफॉर्म के नाम पर भी कमीशन का खेल भी चल रहा है.
आंदोलन ने पकड़ा जोर
आंदोलन कर्मी सागर चौधरी ने कहा, “स्कूल अब विद्या के मंदिर नहीं, बल्कि व्यापार के केंद्र बन गए हैं. एक विशेष दुकान से ही सामान खरीदने का दबाव बनाना अभिभावकों की जेब पर डकैती डालने जैसा है.”
ALSO READ: सरायकेला : बैंक द्वारा सील फैक्ट्री में चोरी का आरोप, पूर्व मालिक का हंगामा, गेट पर जड़ा अपना ताला
प्रशासन को सौंपा जाएगा मांग पत्र
दोपहर तक चले इस अभियान में हजारों लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया. आयोजकों ने बताया कि इन हस्ताक्षरों को एक मांग पत्र के साथ जिला कलेक्टर और शिक्षा मंत्री को सौंपा जाएगा.
15 दिनों की चेतावनी
यदि 15 दिनों के भीतर प्रशासन ने स्कूलों की मनमानी पर रोक नहीं लगाई, तो यह आंदोलन उग्र रूप लेगा. मौके पर दर्जनों संगठन के अधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे.
