-
डीसी के आदेश पर कार्रवाई
-
उपाधीक्षक डॉ पंकज, सीओ अनिल कुमार व सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हॉस्पिटल सील
Chatra: चतरा बस स्टैंड के समीप संचालित मेदांता हॉस्पिटल में इलाज के बाद गर्भवती महिला चुकु गांव निवासी लाटो गंझू की 20 वर्षीय गर्भवती पत्नी बैजंती देवी व उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत के मामले में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है. मामला संज्ञान में आने के बाद उपायुक्त रवि आंनद के निर्देश पर गठित टीम ने मेदांता हॉस्पिटल को सील कर दिया है. टीम में प्रभारी सिविल सर्जन सह सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ पंकज कुमार, अंचलाधिकारी अनिल कुमार व सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह शामिल थे. टीम में शामिल अधिकारियों ने देर शाम बस स्टैंड पहुंचकर पहले मेदांता हॉस्पिटल की जांच की. इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक और कर्मी फरार पाए गए. मौके पर सिर्फ मकान मालिक मिले. उन्होंने बताया कि किराए पर विकास यादव आदि को हॉस्पिटल चलाने के लिए दिया था.

यह भी पढ़ें: चतरा: मेदांता हॉस्पिटल में इलाज के बाद 8 माह की गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की मौत, उठे कई सवाल
महिला के इलाज में लापरवाही बरती गई
इस दौरान हॉस्पिटल में सिमरिया कसारी का रहने वाला एक मरीज राहुल भुईंया भर्ती मिला. उसे प्रशासन की टीम ने एंबुलेंस बुलाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया. इसके बाद टीम ने हॉस्पिटल के वार्ड, ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर व मुख्य गेट पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया. टीम में शामिल उपाधीक्षक डॉ पंकज कुमार ने बताया कि मेदांता हॉस्पिटल में इलाज के बाद एक गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है. जांच के दौरान महिला के इलाज में लापरवाही की बात सामने आई है. इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया.
यह भी पढ़ें: पलामू: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में HIV पॉजिटिव महिला का सिजेरियन ऑपरेशन, अस्पताल में हड़कंप. सुरक्षात्मक उपाय तेज
