Hazaribagh: रामनवमी पर्व के नवमी के दिन निकाली गई जुलूस के दौरान कुछ युवकों के बीच आपसी झगड़ा हो गया. इस दौरान छोटका इरगा निवासी गुलाब कुमार पर कुछ युवकों ने तेज धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घायल गुलाब कुमार को तुरंत ग्रामीणों द्वारा आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया. स्थिति गंभीर होने पर उन्हें मेडिका हॉस्पिटल रांची में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
गांव में शोक और आक्रोश
घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, वहां मातम का माहौल छा गया. ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया. दारू थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मुख्य आरोपी भी शामिल है.
Also Read: रांची में निजी स्कूल फीस पर सख्ती: 10% तक ही बढ़ोतरी, उससे अधिक पर कमेटी की मंजूरी जरूरी
घटना 27 मार्च की, मौत 5 अप्रैल को
गुलाब कुमार को 27 मार्च की रात चाकू मारकर घायल किया गया था, जिसके बाद उनका इलाज चल रहा था. 5 अप्रैल को उनकी मौत हो गई. पुलिस ने आकाश कुमार (21 वर्ष), विशाल कुमार (25 वर्ष) और मनीष कुमार वर्मा (17 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. नाबालिग आरोपी को संप्रेषण गृह भेजा गया है.
मामला दर्ज, जांच जारी
इस मामले में दारू थाना कांड संख्या 20/26 दिनांक 01.04.2026 को दर्ज किया गया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजनाथ प्रसाद के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई, जिसमें थाना प्रभारी इकबाल हुसैन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
