Hazaribagh : सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDC) को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और फर्जीवाड़ा मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने राशन कार्डधारियों के लिए E-KYC अनिवार्य कर दी है. इसके बावजूद हजारीबाग जिले में E-KYC की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है. जिले के 16.30 प्रतिशत लाभार्थियों ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन और वास्तविक लाभुकों की पहचान में बाधा उत्पन्न हो रही है.

जिले में कितने लाभार्थी, कितनों ने कराई E-KYC
जिले में कुल 3,16,054 राशन कार्ड हैं, जिनके माध्यम से 14,53,914 लाभार्थी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं. अब तक 12,16,882 लाभार्थियों ने सफलतापूर्वक E-KYC करा ली है, जो कुल लाभार्थियों का 83.70 प्रतिशत है. वहीं 2,37,032 लाभार्थी (16.30 प्रतिशत) अभी भी E-KYC से वंचित हैं
प्रखंडवार E-KYC नहीं कराने वाले लाभार्थियों की संख्या
प्रखंड
शेष लाभार्थी
बड़कागांव
14,969
बरही
17,379
बरकट्ठा
22,228
विष्णुगढ़
24,969
चलकुशा
8,533
चौपारण
25,350
चुरचू
5,376
दाड़ी
9,503
दारू
6,571
हजारीबाग सदर
16,677
हजारीबाग नगर
9,310
इचाक
21,498
कटकमदाग
8,061
कटकमसांडी
17,174
केरेडारी
11,562
पदमा
8,650
टाटीझरिया
9,222
चौपारण और विष्णुगढ़ में सबसे अधिक लंबित मामले
जारी आंकड़ों के अनुसार चौपारण में 25,350, विष्णुगढ़ में 24,969, बरकट्ठा में 22,228 और इचाक में 21,498 लाभार्थियों ने अब तक E-KYC नहीं कराई है. वहीं चुरचू (5,376) और दारू (6,571) में सबसे कम लंबित मामले दर्ज किए गए हैं.
फर्जी और डुप्लीकेट राशन कार्ड की होगी पहचान
जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव ने बताया कि सरकार ने राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने और अपात्र और डुप्लीकेट लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें हटाने के उद्देश्य से E-KYC अनिवार्य किया है. इससे फर्जी राशन कार्डों की पहचान कर उन्हें निरस्त किया जाएगा और वास्तविक पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होगा. उन्होंने कहा कि E-KYC पूर्ण होने के बाद लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन भी आसान होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक समय पर पहुंच सकेगा.
लाभार्थियों से की गई अपील
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने जिले के सभी राशन कार्डधारियों से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक E-KYC नहीं कराई है, वे शीघ्र अपने निकटतम जन वितरण प्रणाली विक्रेता अथवा संबंधित केंद्र पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर लें. समय रहते E-KYC नहीं कराने पर भविष्य में राशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है.

Also Read : पलामू: हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
