Lohardaga : धनबाद जिले के महुदा में आयोजित U-17 झारखंड राज्य बालक/बालिका कुश्ती प्रतियोगिता 2026 में लोहरदगा जिले के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया है. एक स्वर्ण पदक सहित कुल 6 पदक अपने नाम किए. यह प्रतियोगिता 5-6 अप्रैल 2026 को धनबाद जिला कुश्ती संघ एवं झारखंड राज्य कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के सहयोग से आयोजित की गई थी. प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल एवं बालिका वर्ग की कुश्ती स्पर्धाएं शामिल थीं. प्रतियोगिता में लोहरदगा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया.
ये भी पढ़ें : चतरा: होमगार्ड बहाली पर DC-SP की सख्त नजर, कहा- पारदर्शिता से समझौता नहीं
पवन उरांव ने गोल्ड जीतकर लहराया परचम
पहलवान पवन उरांव ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और जिले का नाम रोशन किया. वहीं रोहित कुमार, धनेश्वर महतो एवं पवन खेरवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया. इसके अलावा प्रेम उरांव ने कांस्य पदक जीता. बालिका वर्ग में अंशु लकड़ा ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया.
जिला कुश्ती संघ ने सफलता पर जताई खुशी
इस उपलब्धि पर लोहरदगा जिला कुश्ती संघ के सचिव अजीत भगत ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय बाद किसी प्रतियोगिता में जिले को एक साथ 6 पदक प्राप्त हुए हैं, जो खिलाड़ियों की मेहनत और लगन का परिणाम है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से वे व्यक्तिगत कारणों से खिलाड़ियों पर अधिक ध्यान नहीं दे पा रहे थे, लेकिन अब वे पूरी तरह सक्रिय होकर खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और विकास पर विशेष ध्यान देंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जिले के खिलाड़ी और अधिक पदक जीतकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएंगे.
ये भी पढ़ें : झारखंड इंटर एडमिशन 2026 : डिग्री कॉलेजों में इंटर बंद, अब प्लस टू स्कूलों के भरोसे 4.23 लाख छात्र, क्या मचेगी मारामारी?
सांसद-विधायक ने खिलाड़ियों को दी बधाई
इस सफलता पर पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, सांसद सुखदेव भगत, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. जिले के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे लोहरदगा में खुशी का माहौल है और खेल जगत में नई ऊर्जा का संचार हुआ है.


