Saraikela: संत फ्रांसिस डि-सेल्स स्कूल में शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ‘पदग्रहण समारोह’ आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय के सफल संचालन के साथ-साथ छात्रों में नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा. इस अवसर पर नगर पंचायत के नव-निर्वाचित चेयरमैन मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई. इसके बाद छात्राओं ने ईश वंदना के तहत नृत्य और गीत की सुंदर प्रस्तुति दी. प्राचार्य फादर एलिवन जोसफ ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ और शॉल देकर सम्मानित किया.
नव-निर्वाचित पदधारियों ने संभाली जिम्मेदारी
समारोह में पूर्व पदधारियों ने नए पदधारियों को कार्यभार सौंपा. मुख्य अतिथि मनोज चौधरी, प्राचार्य फादर एल्विन जोसफ और उप-प्राचार्य फादर रमेश ने नव-निर्वाचित पदाधारियों को सैश पहनाकर पद ग्रहण कराया. छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि नए पदधारियों को ट्रैफिक लाइट की तरह परिस्थिति के अनुसार मार्गदर्शन करना चाहिए, ताकि विद्यालय उन्नति के शिखर तक पहुंच सके. उन्होंने अनुशासन और चरित्र निर्माण पर भी जोर दिया.
विद्यालय में पदधारियों का चयन कंप्यूटर आधारित मतदान प्रक्रिया से किया गया था. इसमें हेड बॉय विनीत उरांव, हेड गर्ल आरती अन्वेशा, वाइस हेड गर्ल कनक प्रभा, वाइस हेड बॉय सुवेश दास, जूनियर हेड बॉय प्रितम कुमार मंडल और जूनियर हेड गर्ल प्रियांशी चौरसिया चुने गए. अंत में प्राचार्य फादर एल्विन जोसफ ने सभी नवनिर्वाचित पदधारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
