समाज कल्याण योजनाओं पर DC का फोकस, समय पर लाभ नहीं पहुंचा तो होगी सख्त कार्रवाई

Giridih: जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई....

Giridih: जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.

योजनाओं की विस्तृत समीक्षा

बैठक के दौरान उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना तथा बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से योग्य लाभुकों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए.

आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष जोर

उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि केंद्रों का संचालन सुचारू रहे, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता बनी रहे तथा उपस्थिति पर लगातार नजर रखी जाए. किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. साथ ही केंद्रों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया गया.

Also Read: दलितों की जमीन पर दबंगों का कब्जा, शिकायत के महीनों बाद भी कार्रवाई नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश

मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान की समीक्षा

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं पोषण अभियान की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को समय पर लाभ मिलना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने लाभुकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी नहीं होने देने का निर्देश दिया. इसके साथ ही पोषण स्तर में सुधार के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया.

किशोरियों के लिए योजनाओं पर फोकस

किशोरियों एवं बालिकाओं से संबंधित योजनाओं की समीक्षा में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ अधिक से अधिक बालिकाओं तक पहुंचाया जाए. स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया. साथ ही बाल विवाह एवं कुपोषण रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए.

बाल संरक्षण पर सख्त निर्देश

बाल संरक्षण योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जरूरतमंद बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन सहित सभी तंत्रों को सक्रिय रखते हुए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया.

लापरवाही पर सख्त चेतावनी

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने नियमित फील्ड विजिट कर योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन करने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *