रांची: धुर्वा क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित DCA प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में द अचीवर्स ने रेलवे यूथ को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें द अचीवर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की.
टॉस जीतकर द अचीवर्स ने चुनी बल्लेबाजी
फाइनल मैच में टॉस जीतकर द अचीवर्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 138 रन बनाए. द अचीवर्स की ओर से उत्सव ने 32 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं रेलवे यूथ के सत्यम ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट झटके.
लक्ष्य का पीछा करते हुए रेलवे यूथ की हार
139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे यूथ की टीम द अचीवर्स की सटीक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और 16.5 ओवर में 94 रन पर सिमट गई. टीम की ओर से अंश ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सके.
ALSO READ: नारी शक्ति वंदन अधिनियम मोदी सरकार का ऐतिहासिक कदम, सांसद कालीचरण सिंह ने जताया आभार
यश राज की घातक गेंदबाजी
द अचीवर्स की ओर से यश राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.5 ओवर में मात्र 5 रन देकर 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया.
इन खिलाड़ियों को मिले विशेष पुरस्कार
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आदित्य प्रसाद (द अचीवर्स) को मैन ऑफ द टूर्नामेंट, अभिज्ञान सिंह (द अचीवर्स) को बेस्ट बल्लेबाज, देव सिंह (GGCA अकादमी) को बेस्ट गेंदबाज और सौरव कुमार (रेलवे यूथ) को बेस्ट फील्डर का पुरस्कार प्रदान किया गया.
