Palamu: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी को ईंट से सिर पर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसके बाद महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतका की पहचान निराशा कुमारी के रूप में हुई है.
शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप
बताया जाता है कि निराशा कुमारी की शादी हैदरनगर थाना क्षेत्र के पचपोखरी गांव निवासी कुश सिंह के साथ हिंदू रीति रिवाज से हुई थी. वह अपने बच्चों के साथ हुसैनाबाद के अमन चैन मोहल्ला में किराए के कमरे में रहती थी. मृतका के दो बच्चे हैं.
मायके से पैसे लाने का दबाव
मृतका के भाई धर्मेन्द्र सिंह, निवासी रेवई, गया, बिहार ने हुसैनाबाद थाना में आवेदन देकर बताया कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को ससुराल पक्ष के लोग मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बनाते थे. इसको लेकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और मारपीट भी की जाती थी.
Also Read: स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में पांच महिलाएं निर्वाचित, रिंकू भगत दुबारा जीती
घटना के दिन मिली जानकारी
आवेदन में कहा गया है कि 11 अप्रैल 2026 को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि उसकी बहन के साथ फिर से मारपीट की जा रही है. सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि उसकी बहन के सिर पर गंभीर चोट थी तथा हाथ पैर में भी जख्म के निशान थे.
अस्पताल में तोड़ा दम
इसके बाद घायल अवस्था में उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पांच लोगों पर आरोप, जांच जारी
धर्मेन्द्र सिंह ने अपने आवेदन में पति कुश सिंह, देवर लव सिंह, सास राधा कुंवर समेत पांच लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं पति कुश सिंह पुलिस की गिरफ्त में पहले से ही है.
