Ranchi: 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में मेजबान झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया. मोराबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में झारखंड ने मध्यप्रदेश को 2-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता. इसके साथ ही झारखंड ने लगातार आठवीं बार इस प्रतियोगिता में पदक हासिल करने का गौरव भी प्राप्त किया.
रोमांचक फाइनल में झारखंड की जीत
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा. झारखंड की ओर से सुगन सांगा और सेवानी केरकेट्टा ने एक-एक गोल दागे, जबकि मध्यप्रदेश की ओर से नम्मी गीताश्री ने एकमात्र गोल किया. मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए नौशीन नाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
ओडिशा ने जीता कांस्य पदक
तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में ओडिशा ने उत्तरप्रदेश को 4-2 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया. ओडिशा की प्रियंका मिंज ने दो गोल दागे, जबकि प्रिंसेस प्रिया एक्का और अंजना कुजूर ने एक-एक गोल किया. उत्तरप्रदेश की ओर से अर्किटा कुमारी और ममता कुमारी ने एक-एक गोल किया. प्रियंका मिंज को इस मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया.
Also Read: स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में पांच महिलाएं निर्वाचित, रिंकू भगत दुबारा जीती
व्यक्तिगत पुरस्कारों में चमके खिलाड़ी
- हाईएस्ट गोल स्कोरर. नौशीन नाज (मध्यप्रदेश) – 9 गोल
- बेस्ट गोलकीपर. खिल्ली कुमारी (झारखंड)
- बेस्ट डिफेंडर. प्रीति बिलुंग (झारखंड)
- बेस्ट फॉरवर्ड. प्रियंका मिंज (ओडिशा)
- इमर्जिंग प्लेयर. स्वीटी कुजूर (ओडिशा)
अतिथियों ने किया सम्मानित
फाइनल मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के निदेशक आसिफ एकराम (आईएएस), हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, पद्मश्री एवं भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुभद्रा प्रधान सहित अन्य अतिथियों ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान किए. साथ ही तकनीकी अधिकारियों, अंपायरों और मेडिकल टीम को भी सम्मानित किया गया.
विजेता टीम को मिला इनाम
झारखंड टीम की जीत पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने टीम को 2 लाख रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की. इस अवसर पर हॉकी झारखंड के पदाधिकारी और खेल विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
