RANCHI: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), रांची ने आज, 14 अप्रैल को कक्षा 11वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है. परिणाम की घोषणा परिषद के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने रांची स्थित मुख्यालय में सचिव और परीक्षा नियंत्रक की उपस्थिति में की.
परीक्षा परिणाम की मुख्य बातें
इस वर्ष का परीक्षा परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में उत्कृष्ट रहा है.
कुल नामांकित छात्र: 3,61,683
परीक्षा में शामिल छात्र: 3,58,533
सफल (प्रोमोटेड) छात्र: 3,55,399
कुल उत्तीर्ण प्रतिशत: 99.12%
परिणाम जारी करते हुए परिषद के अध्यक्ष ने सफल छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि राज्य भर के सभी जिलों में प्रदर्शन लगातार बेहतर बना हुआ है. साथ ही उन्होंने उन छात्रों को भी प्रोत्साहित किया जो ‘मार्जिनल’ या ‘अनुपस्थित’ श्रेणी में आए हैं और उन्हें भविष्य में और कड़ी मेहनत करने की सलाह दी.
यह परीक्षा 25 फरवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच पूरे राज्य में आयोजित की गई थी. छात्र अपना रिजल्ट झारखंड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं.
जैक अध्यक्ष ने क्या कहा
जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने कहा कि सभी सफल छात्रों, उनके समर्पित शिक्षकों और अभिभावकों को मेरी हार्दिक बधाई. जो छात्र इस बार सफल नहीं हो सके हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है. वे दोगुनी ऊर्जा के साथ मेहनत करें, सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी.
कैसे चेक करें अपना रिजल्ट
• सबसे पहले जैक की आधिकारिक वेबसाइट jacresults.com को ओपन करें.
• होम पेज पर उपलब्ध ‘JAC 11th Result 2026’ के लिंक पर क्लिक करें.
• अपना रोल नंबर और मांगी गई जानकारी दर्ज कर सबमिट बटन दबाएं.
• रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देने लगेगा. भविष्य के संदर्भ के लिए इसे डाउनलोड कर प्रिंट आउट जरूर निकाल लें.
