Gumla: गुमला जिले के किसान के बेटे खिलेश साहू ने मैट्रिक में 99.20 प्रतिशत अंक लाकर जिले में दिव्यांशु उरांव के साथ प्रथम स्थान और पूरे राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिला ही नहीं, पूरे राज्य का नाम रोशन किया है.
रणनीति बनाकर की पढ़ाई
खिलेश साहू ने बताया कि वे रणनीति बनाकर पढ़ाई करते थे और किसी भी टॉपिक को तब तक नहीं छोड़ते थे, जब तक वह पूरी तरह समझ न लें. इस उपलब्धि से पूरे स्कूल के शिक्षकों, परिवार और सगे-संबंधियों में खुशी की लहर है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां स्वामी देवी, पिता और स्कूल के शिक्षकों को दिया.
ALSO READ: पलामू में प्रशासन का मानवीय चेहरा, DC की पहल से बीमार बछड़े को मिली जिंदगी
संघर्ष के बीच हासिल की सफलता
खिलेश की प्रारंभिक शिक्षा सिसई प्रखंड क्षेत्र के छरदा शिशु मंदिर से हुई. इसके बाद 5वीं के बाद नवोदय विद्यालय की तैयारी की, लेकिन नामांकन नहीं हो सका. बाद में 7वीं कक्षा में संत पात्रिक स्कूल में प्रवेश लिया.
गुमला में किराए के कमरे में मां के साथ रहकर उन्होंने पढ़ाई जारी रखी. घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके पिता दूसरे राज्य में काम करने लगे और केवल खेती के मौसम में घर आते थे. इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद खिलेश ने शिक्षा को अपना लक्ष्य बनाया और कड़ी मेहनत से यह सफलता हासिल की.
