Saraikela: राज्य में फैल रही बच्चा चोर की अफवाह को लेकर सरायकेला-खरसावां पुलिस सतर्क हो गई है. चौका थाना पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए थाना परिसर एवं क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर बैनर लगाकर प्रचार-प्रसार शुरू किया है.
अफवाहों पर सख्त चेतावनी
पुलिस ने साफ कहा है कि बच्चा चोर की अफवाह से सावधान रहें और कानून अपने हाथ में न लें. सिर्फ शक के आधार पर भीड़ द्वारा किसी की पिटाई करना अनुचित तथा गैर-कानूनी है. कई बार पकड़े गए लोग जांच में निर्दोष भी निकलते हैं.
पुलिस की अपील
चौका पुलिस प्रशासन ने जागरूकता अभियान के तहत क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाई है. बैनर-पोस्टर के माध्यम से लोगों को समझाया जा रहा है कि अफवाह फैलाने और हिंसा करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी.
Also Read: चांडिल न्यू बाईपास पर 50 घंटे का महाजाम खत्म, बहाल हुआ यातायात
संदिग्ध दिखे तो सूचना दें
पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत हो तो उसे बच्चा चोर बताकर मारपीट न करें. तुरंत डायल-112 पर या नजदीकी थाना को सूचना दें. पुलिस खुद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी.
सोशल मीडिया पर भी सतर्कता जरूरी
चौका थाना प्रभारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और मैसेज की सत्यता जांचे बिना उसे आगे न बढ़ाएं. अफवाह से समाज में भय और अराजकता फैलती है. बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं.
शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने की अपील की है.
