Palamu: पलामू समाहरणालय सभागार में आज आयोजित ‘जन समाधान दिवस’ के दौरान प्रशासनिक संवेदनशीलता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली. पलामू उपायुक्त के एक मानवीय कदम ने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल जीत लिया और शासन के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत कर दिया.
दिव्यांग महिला तक खुद पहुंचे उपायुक्त
हुआ यूं कि कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त महोदय को सूचना प्राप्त हुई कि मेदिनीनगर निवासी एक दिव्यांग महिला, शीला कुमारी, अपनी समस्या लेकर उनसे मिलने पहुंची हैं. दोनों पैरों से असमर्थ होने के कारण शीला के लिए समाहरणालय की सीढ़ियां चढ़कर सभागार तक पहुंचना नामुमकिन था. जैसे ही पलामू उपायुक्त को इस बात की जानकारी मिली, उन्होंने बिना किसी प्रोटोकॉल की परवाह किए कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया और स्वयं चलकर नीचे सीढ़ियों तक पहुंच गए.
ALSO READ: चक्रधरपुर में स्व. लक्ष्मण गिलुवा की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
सीढ़ियों पर बैठकर सुनी समस्या, तत्काल दिए निर्देश
सीढ़ियों पर बैठकर उपायुक्त ने बेहद गंभीरता के साथ शीला कुमारी की समस्याओं को सुना. उनकी संवेदनशीलता यहीं खत्म नहीं हुई, उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि महिला का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए. उपायुक्त ने महिला को आश्वस्त करते हुए कहा— “आपको अब दोबारा यहां आने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी, आपका काम यथाशीघ्र पूरा होगा.”
प्रशासन का यह मानवीय चेहरा जिले भर में चर्चा का विषय बना हुआ है.
