1 मई से रांची में जनगणना-2027 का पहला चरण शुरू, 15 मई तक स्व-गणना और 14 जून तक घर-घर सर्वे

Ranchi: जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण की शुरुआत 1 मई 2026 से होने जा रही है. इसको लेकर प्रशासन ने सभी...

Ranchi: जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण की शुरुआत 1 मई 2026 से होने जा रही है. इसको लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य निर्धारित समयावधि में संपन्न किया जाएगा. उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

चार हजार से अधिक कर्मियों की तैनाती

जनगणना कार्य के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 4232 पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इनमें 4134 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक शामिल हैं. इनमें 1727 महिला और 2407 पुरुष कर्मी हैं. सभी का प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है.

ALSO READ: तरबूज की खेती से किसानों की बदल रही है तकदीर और तस्वीर

दो हिस्सों में बंटा प्रथम चरण

प्रथम चरण को दो भागों में विभाजित किया गया है. 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य करेंगे.

ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा

नागरिकों को सुविधा देने के लिए स्व-गणना की व्यवस्था की गई है. इच्छुक नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं. स्व-गणना के बाद प्राप्त SE-ID को सुरक्षित रखना होगा, जिसे प्रगणक के आने पर साझा करना जरूरी होगा. हालांकि स्व-गणना अनिवार्य नहीं है.

ALSO READ: कोडरमा पुलिस ने 14 साल के बच्चे को 24 घंटे के भीतर किया सकुशल बरामद

हर घर पहुंचेगा प्रगणक

16 मई से 14 जून के बीच प्रगणक प्रत्येक घर का दौरा करेंगे. इस दौरान मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और अन्य आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी, ताकि प्रत्येक परिवार का सही विवरण दर्ज हो सके.

सूचनाओं की गोपनीयता सुरक्षित

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना से जुड़ी सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अन्य उपयोग के लिए साझा नहीं की जाएगी और केवल सामूहिक आंकड़े ही प्रकाशित होंगे.

सहायता के लिए हेल्पलाइन

जनगणना से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए 1855 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है.

जनभागीदारी की अपील

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही जानकारी उपलब्ध कराकर विकास की इस प्रक्रिया में सहयोग करें.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *