Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

बेड़ो में उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, पेयजल-बिजली व स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

Ranchi: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने मंगलवार को बेड़ो प्रखंड का औचक दौरा कर प्रशासनिक एवं आधारभूत सुविधाओं की...

Bedo
उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

Ranchi: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने मंगलवार को बेड़ो प्रखंड का औचक दौरा कर प्रशासनिक एवं आधारभूत सुविधाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय, बेड़ो थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेत विभिन्न गांवों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए. दौरे की शुरुआत प्रखंड सह अंचल कार्यालय से करते हुए उपायुक्त ने कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच की तथा आम लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए.

बेड़ो थाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी किया निरीक्षण

इसके बाद उपायुक्त ने बेड़ो थाना का निरीक्षण किया. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें. साथ ही विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने पर जोर दिया.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने हीटवेव को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ओआरएस, आवश्यक दवाइयों, पेयजल एवं बेड की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति तथा इमरजेंसी सेवाओं को 24×7 सक्रिय रखने का निर्देश दिया.

लू से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश

उपायुक्त ने पंडरा, हरियरपुर एवं हरहंजी सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर जल स्रोतों चापाकल, हैंडपंप और तालाब की स्थिति का निरीक्षण किया. जहां भी खराबी पाई गई, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए. ग्रामीणों से बातचीत कर उन्होंने पेयजल, बिजली आपूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर गांव में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा बिजली विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ट्रांसफॉर्मर खराबी एवं बिजली कटौती की शिकायतों का शीघ्र निपटारा किया जाए. साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में लू से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने और दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा.

उपायुक्त ने महिलाओं से किया संवाद

दौरे के दौरान उपायुक्त ने मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना का भी जायजा लिया. उन्होंने महिलाओं से संवाद कर योजना के तहत मिल रही राशि की जानकारी ली. महिलाओं ने बताया कि वे इस राशि का उपयोग स्वरोजगार एवं छोटे व्यवसायों में कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं. इस पर उपायुक्त ने संतोष व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि भीषण गर्मी के दौरान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, कि कोई भी नागरिक पानी, बिजली या स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में परेशान न हो. उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर रिपोर्ट देने और आम जनता से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए.

इस मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: रांची के फिश मार्केट में मंत्री का औचक निरीक्षण, 10 दिन में सुधार का दिया अल्टीमेटम

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *