Newswave Desk : मानसून के बीच देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. शनिवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है. कई स्थानों पर 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.


बंगाल की खाड़ी में बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल और उससे लगे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के आसपास एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से पूर्वी भारत के राज्यों में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर तेज रह सकता है. ओडिशा में 8 अगस्त को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम प्रणाली के सक्रिय होने से ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Also Read : चाईबासा : भारी बारिश से बुजुर्ग दंपती का घर गिरा, खुले आसमान के नीचे रहने की बनी नौबत

दिल्ली और यूपी में तेज बारिश के साथ आंधी का अलर्ट
राजधानी दिल्ली में शनिवार को मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने का अनुमान है. गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, सोनभद्र, चंदौली, मऊ, वाराणसी और प्रयागराज में भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी दी गई है. इन क्षेत्रों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लखनऊ में 8 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

बिहार में भारी बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट
बिहार में भी मानसूनी बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने जहानाबाद, सारण, सीवान, बक्सर, गया, पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, भागलपुर और लखीसराय समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज आंधी चलने की संभावना है. कुछ स्थानों पर हवा की गति 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को खुले इलाकों और कमजोर ढांचों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है.
असम में बाढ़ से हालात गंभीर, 98 लोगों की मौत
बारिश के बीच असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 98 हो गई है. हालांकि प्रभावित आबादी में कुछ कमी आई है और अब करीब 1.55 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं. राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार 13 जिलों के 464 गांव अभी भी बाढ़ के पानी से प्रभावित हैं. शिवसागर, गोलाघाट, नागांव, होजाई, सोनितपुर, धेमाजी, दरांग, बिस्वनाथ, कामरूप मेट्रोपॉलिटन, लखीमपुर, उदलगुरी, जोरहाट और चराइदेव में बाढ़ का असर बना हुआ है. अधिकारियों के अनुसार चराइदेव जिले के महमोरा राजस्व सर्कल में हुई मौत के बाद राज्य में बाढ़ से जुड़ी मौतों का आंकड़ा 98 तक पहुंच गया है.

