Chaibasa : बंदगांव प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों लगातार हो रही जोरदार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है. इसी क्रम में हुडंगदा पंचायत अंतर्गत सुबान साई गांव निवासी बुजुर्ग योगेंद्र महतो का कच्चा मकान भारी बारिश के कारण गिर गया. मकान गिरने के बाद योगेंद्र महतो और उनकी पत्नी के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है.

घर गिरने से बेघर हुआ बुजुर्ग, प्रशासन से लगाई गुहार
बताया गया कि योगेंद्र महतो अपनी पत्नी के साथ इसी घर में रहते थे. दोनों बुजुर्ग और बेहद गरीब हैं और उनके पास रहने के लिए कोई दूसरा सुरक्षित आश्रय नहीं है. बारिश के कारण घर गिर जाने से घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ है और दोनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. घर गिरने के बाद पीड़ित बुजुर्ग दंपती ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिलकर तत्काल सहायता की मांग की. उन्होंने प्रशासन से नया आवास उपलब्ध कराने अथवा घर की मरम्मती के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की गुहार लगाई, ताकि वे सुरक्षित तरीके से अपना जीवन गुजार सकें.

BDO ने दिया हरसंभव सहायता का भरोसा
मामले को गंभीरता से लेते हुए BDO भीषम कुमार ने बुजुर्ग दंपती को आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से उनकी हर संभव मदद की जाएगी. उन्होंने कहा कि मामले की आवश्यक जांच कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. इधर, बंदगांव प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में कई कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश से प्रभावित गरीब परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें शीघ्र राहत और आवासीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

Also Read : राहुल गांधी की ‘गूंज’ से पहले प्रयागराज में पोस्टर का शोर, पोस्टरों पर NEET से झारखंड तक सियासी तंज

