Hazaribagh:बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र के अंबाजीय गांव स्थित बरवाटोला में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लंबे समय से बंद पड़े एक डीप बोरिंग से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं. इस अनहोनी घटना को देखकर ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
प्रशासनिक तत्परता और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र कुमार मंडल सक्रिय हुए. उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और सतर्क रहने की सलाह दी. शुक्रवार को बीडीओ के निर्देश पर ओएनजीसी कोयलांग कैंप से तीन सदस्यीय तकनीकी टीम गांव पहुंची. टीम ने आवश्यक तकनीकी उपाय अपनाते हुए आग की लपटों पर नियंत्रण पाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

गैस रिसाव की आशंका
जानकारी के अनुसार, उक्त डीप बोरिंग करीब एक वर्ष पूर्व एनटीपीसी द्वारा ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कराया गया था. कुछ समय बाद उपकरणों में खराबी आने के कारण यह बोरिंग बंद पड़ा था. तकनीकी टीम द्वारा प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा.
मौके पर उपस्थित रहे अधिकारी व प्रतिनिधि
घटना के दौरान प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि लगातार मुस्तैद रहे. मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी पंकज गुप्ता, पूर्व मुखिया बगल चौधरी, मुखिया प्रतिनिधि किशोर शुक्ला, पैक्स अध्यक्ष योगा सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे. प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है.
