Tamar: तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी किष्टो कुमार बेसरा अचानक अस्पताल पहुंच गए. रात के सन्नाटे के बीच हुई इस औचक जांच से अस्पताल कर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इमरजेंसी वार्ड से दवा स्टॉक तक जांच
एसडीएम सीधे इमरजेंसी वार्ड पहुंचे और वहां भर्ती मरीजों की स्थिति, ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों और इलाज व्यवस्था की जांच की. इसके बाद उन्होंने दवा भंडारण कक्ष खुलवाकर स्टॉक रजिस्टर से दवाओं का मिलान किया. इस दौरान कई कर्मचारियों में घबराहट देखी गई.

बिजली और जनरेटर व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की बिजली व्यवस्था, जनरेटर बैकअप और इमरजेंसी सिस्टम की भी जांच की गई. एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि बिजली कटौती के कारण किसी मरीज की जान खतरे में पड़ी तो जिम्मेदारी तय की जाएगी.एसडीएम ने कहा कि अब अस्पताल में सिर्फ कागजी ड्यूटी नहीं चलेगी. किसी भी रात औचक निरीक्षण किया जाएगा और अनुपस्थित पाए जाने वाले डॉक्टर, नर्स, गार्ड या कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई होगी.
एम्बुलेंस व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
सड़क दुर्घटना और गंभीर मरीजों के इलाज को लेकर भी अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा गया. एसडीएम ने निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में एम्बुलेंस की कमी इलाज में बाधा नहीं बननी चाहिए. सूत्रों के मुताबिक निरीक्षण के बाद देर रात तक अस्पताल में फाइलों की जांच होती रही. इस कार्रवाई के बाद अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है.
ALSO READ: भारत में नर्सों की सैलरी कितनी है ? इंटरनेशनल नर्सेज डे पर जानिए पूरी जानकारी
