Bokaro: सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को बोकारो स्टील सिटी के सिटी सेंटर क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया. नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढ़ांडा की देख-रेख में चलाया गया. इस दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी एवं सत्यबाला सिन्हा ने यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में सघन वाहन जांच किया.
42 दो पहिया एवं ऑटो वाहनों की जांच
अभियान के दौरान कुल 42 दो पहिया एवं ऑटो वाहनों की जांच की गई. जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों से कुल 65 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. अभियान में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन संचालन, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई.

अभिभावकों से अपील
इस जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं देने की अपील की. साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही. सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहने की बात कही.
