Saraikela: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026” के अंतर्गत गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में पर्यावरण संरक्षण संबंधी शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. इस वर्ष अभियान का विषय “एंड प्लास्टिक पॉल्यूशन” रखा गया है.
DRM मुकेश गुप्ता ने दिलाई शपथ
मंडल रेल प्रबंधक श्री मुकेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में विभिन्न शाखा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया. डीआरएम ने सभी को प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण हेतु शपथ दिलाई.

दैनिक जीवन में बदलाव का लिया संकल्प
इस अवसर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित सकारात्मक परिवर्तन अपनाने का संकल्प लिया. साथ ही परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को पर्यावरण अनुकूल आदतों और व्यवहार के प्रति निरंतर प्रेरित करने की शपथ भी ली.
15 मई से 5 जून तक चलेगा विशेष अभियान
भारतीय रेल द्वारा 15 मई 2026 से 5 जून 2026 तक “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान- 2026” चलाया जा रहा है. इसके तहत रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और ट्रेनों में प्लास्टिक मुक्त अभियान, पौधारोपण और स्वच्छता ड्राइव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती सीमा कुमारी सहित मंडल कार्यालय के सभी शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
