Hazaribagh : स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए डीवीसी कोनार ने एक प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की है. 31 मई तक चलाए जाने वाले इस विशेष स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत कोनार परियोजना प्रधान राणा रंजीत सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ ली.
क्लीन कोनार, ग्रीन कोनार का नारा

कोनार डेम परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में “Clean Konar, Green Konar” का संदेश प्रमुख रूप से गूंजता रहा, अभियान का उद्देश्य केवल परिसर की सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों के भीतर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है.
स्वच्छ वातावरण स्वस्थ्य समाज की पहचान
परियोजना प्रधान राणा रंजीत सिंह ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है और इसे बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल, आवासीय परिसर और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने की अपील करते हुए प्लास्टिक के उपयोग को कम करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि कोनार डेम परिसर को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त और प्रदूषण रहित बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा, साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि परिसर में गंदगी फैलाने अथवा प्लास्टिक का उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. राणा रंजीत सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का विषय है. यदि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है.
कई कार्यक्रमों का होगा आयोजन
स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता रैली, गांव-गांव अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, हरियाली और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया जाएगा. कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण निर्माण, हरित परिसर विकसित करने तथा समाज में स्वच्छता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया, डीवीसी कोनार की इस पहल को स्थानीय लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया है.
